भाजपा की अंदरूनी गतिविधियों पर चर्चा हो सकती है
मोहन भागवत 34 संगठनों के कामकाज की समीक्षा करेंगे
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय बैठक बुधवार से होने जा रही है। सर संघचालक मोहन भागवत 34 संगठनों के साथ उनके कामकाज की समीक्षा करेंगे। इसमें भाजपा भी शामिल है, लेकिन पहली बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह और संगठन महामंत्री सुहास भगत के अलावा प्रदेश में रह रहे राष्ट्रीय पदाधिकारी कैलाश विजयवर्गीय, प्रभात झा, प्रदेश महामंत्री बंशीलाल गुर्जर, अजय प्रताप सिंह, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, विधायक दल के मुख्य सचेतक नरोत्तम मिश्रा, चारों केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, थावरचंद गेहलोत, प्रहलाद पटेल और फग्गन सिंह कुलस्ते को भी बुलाया गया है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश महामंत्री विष्णु दत्त शर्मा को दिल्ली चुनाव के कारण छूट मिली है। बैठक सुबह 8 बजे से गुरुवार दोपहर तक शारदा विहार में चलेगी। प्रदेश भाजपा के तमाम बड़े नेताओं को बुलाए जाने से साफ है कि संघ प्रमुख भाजपा की अंदरूनी गतिविधियों पर भी बात कर सकते हैं, लेकिन यह बातचीत चुनिंदा लोगों के बीच होगी। मप्र में पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त होना है। अटकलें हैं कि दूसरे नेता भी दावेदारी पेश कर रहे हैं। भाजपा की गतिविधियों, कार्यक्रमों, आयोजनों के साथ सीएए के अभियानों के बारे में भागवत बात कर सकते हैं। भाजपा के अलावा आरएसएस के अन्य अनुषांगिक संगठनों के कामकाज की भी समीक्षा होगी। भाजपा से उसके समन्वय के बारे में भागवत पूछेंगे। चार दिवसीय दौरे पर आए भागवत ने मंगलवार को विभाग प्रचारकों के साथ बात की थी।
ऐसे स्वयंसेवक बनाओ जो हर परिस्थिति में खड़े रहें
सर संघचालक भागवत ने प्रांत व जिले में काम कर रहे विभाग, जिला एवं प्रांत प्रचारकों से चर्चा करते हुए कहा कि धर्म संस्कृति एवं समाज के विकास को पूर्ण करने का दायित्व हमारा है। इसमें सभी स्वयंसेवकों को जुटना होगा। समस्याओं के समाधान के लिए ऐसे सामर्थ्यवान स्वयंसेवक खड़े करने हैं जो परिस्थिति के साथ स्वयं की भूमिका को तय करने के लिए तैयार रहें। भागवत ने ग्राम विकास के कार्यों पर चर्चा की एवं वर्तमान कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी वर्ष के कार्यक्रमों को सामने रखा।
संघ ने चयनित गांवों का दो श्रेणियों में किया विभाजन
ग्राम विकास के लिए चयनित गांवों को संघ ने दो भागों में विभाजित किया है। प्रभात ग्राम जिसमें सेवा कार्यों के बाद परिवर्तन दिखाई देने लगा है। उदय ग्राम, जहां काम अभी शुरू हुआ है। मालवा प्रांत में 193 उदय ग्राम एवं 120 प्रभात ग्राम हैं। इसी प्रकार मध्य भारत, महाकौशल प्रांत एवं छत्तीसगढ़ में भी उदय ग्रामों एवं प्रभात ग्रामों की संख्या क्रमश: 21 एवं 8, 54 एवं 12 और 27 एवं 14 है।